बिहार में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर IG जितेंद्र राणा सख्त, लंबित मामलों पर जताई नाराजगी, अब तय होगी जवाबदेही
पटना और नालंदा जिले में बढ़ते साइबर अपराध और दर्ज मामलों के धीमी गति से निष्पादन को लेकर आईजी जितेंद्र राणा ने कड़ी नाराजगी जताई है।
पटना/बिहार: पटना और नालंदा जिले में बढ़ते साइबर अपराध और दर्ज मामलों के धीमी गति से निष्पादन को लेकर आईजी जितेंद्र राणा ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को लंबित साइबर क्राइम के मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि मामलों की जांच और कार्रवाई में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आईजी ने जल्द ही दोबारा समीक्षा बैठक करने की भी बात कही है।
दरअसल, सोमवार को आईजी जितेंद्र राणा ने पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा, तीनों सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, नालंदा एसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में एनडीपीएस, साइबर क्राइम और बीट पुलिसिंग की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। इस दौरान कई मामलों में कार्रवाई की धीमी गति सामने आने पर आईजी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
लंबित मामलों पर जताई नाराजगी
समीक्षा बैठक के दौरान आईजी ने पटना और नालंदा में दर्ज साइबर अपराध के मामलों की प्रगति का जायजा लिया। इसमें केसों के निष्पादन की गति काफी धीमी पाई गई। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल, ग्रीवांस रिड्रेसल और समन्वय पोर्टल पर आने वाली शिकायतों तथा उन पर की जा रही कार्रवाई को नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा।
जब्त मादक पदार्थों का होगा विनष्टीकरण
आईजी ने एनडीपीएस मामलों की समीक्षा करते हुए जब्त मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिक मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए जाने वाले मामलों को चिह्नित कर अगले तीन दिनों के भीतर प्राथमिकता के आधार पर विनष्टीकरण का विधिवत प्रस्ताव देने को कहा। साथ ही मादक पदार्थों के बड़े सप्लायरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बीट पुलिसिंग में लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
बैठक में बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। आईजी ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में बीट पुलिसिंग की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी क्षेत्र में घटना होने पर संबंधित बीट पदाधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
इसके साथ ही शहरी क्षेत्रों के गली-मोहल्लों में पैदल गश्ती और बाइक पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती कर सघन वाहन जांच अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।आईजी जितेंद्र राणा ने पुलिस अधिकारियों को सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को कहा है। जल्द ही इन सभी बिंदुओं पर दोबारा समीक्षा की जाएगी।
dhananjaykumarroy